बिलासपुर। जिला भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार के खिलाफ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन के ग्राम बठेना में अनुसूचित जाति परिवार के पांच लोगों की हत्या के विरोध में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक बिलासपुर जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की।
इस मौके पर मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने प्रदेश की भूपेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन के ग्राम बठेना में अनुसूचित जाति वर्ग के पांच लोगों की जघन्य हत्या कर दी जाती है, शासन प्रशासन को इसकी भनक तक नही लगती यह सबसे बड़ा दुर्भाग्य है। इस प्रदेश के लिए जब प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के क्षेत्र में विशेष जाति वर्ग के पांच लोगों की सारेआम जघन्य हत्या हो जाती है तो सोचो प्रदेश के क्या हालात है। डॉ.बांधी ने कहा कि सवा दो साल हुए है प्रदेश की सरकार को सत्ता सम्हाले प्रदेश में आये दिन हत्यायें, डकैती, बलत्कार, लूटमार चरम पर है, सरकार बेपरवाह हो चुकी है, अपराधियों के हौसते बुलंद है। अपराधी बिना डरे किसी भी घटना को अंजाम दे रहे है, अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
डॉ.बांधी ने कहा कि जिस तेजी से घटनायें हो रही है। प्रदेश की जनता चिंतित है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। डॉ.बांधी ने एक ऐसी घटना का जिक्र कर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के दो युवाओं पर कांग्रेस नेता के इशारे पर थाने में अपराध कायम कर उन्हें जेल भेज दिया गया, इस घटना की जितनी भी निंदा की जाये वह कम है।
इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने भी प्रदेश में कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। प्रदेश में हर चार घंटे में एक बलत्कार, छै घंटे में एक हत्या या हत्या का प्रयास जैसी घटना यह साबित कर रही है कि कानून व्यवस्था बनायें रखने संबंधी अपने महत्वपूर्ण दात्यित्व के निर्वहन में कांग्रेस सरकार की पूर्ण रूप से विफल है। उन्होंने कहा कि स्वयं शासन के द्वारा पिछले दो वर्षो के जो आंकड़े उपलब्ध करायें है उसमें 1828 हत्या, 1281 हत्या के प्रयास, 4939 बलात्कार, 12862 चोरी, 133 डकैती और 855 लूटपाट के गंभीर मामले दर्ज किये गये है, निश्चित बढ़ती घटनाओं को लेकर प्रदेश की जनता चिंतीत है।
बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाये रखना राज्य सरकार का सबसे प्रमुख दायित्व होता है, इसमें यह सरकार बुरी तरह विफल हो गई है। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र के रूप में प्रसिद्ध कोरवा जनजाति की नाबालिक बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म और पिता भाई के सहित उनकी नृशंस हत्या ने, इस तिहरे हत्या कांड ने भी प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। और प्रदेश की कांग्रेस सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने कहा कि किसी भी जिले में महिलायें, बच्चियां सुरक्षित नही है। आये दिन हो रहे अनाचार, हत्या व छेड़छाड़ की घटनायें तेजी से बढ़ रही है। अनेक स्थानों से निर्भया जैसी वारदातें सामने आ रही है। अनेक मामलों में शासन प्रशासन को बताये जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है। श्री कुमावत ने कहा कि बढ़ती घटनाओं पर भूपेश सरकार की लापरवाही अक्षम्य है।
पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े दुख की बात है अनेक मामलों में कांग्रेस के नेताओं या कांग्रेस समर्थित संरक्षित लोगों की संलिप्तता भी लगातार सामने आ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री के जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के पांच लोगों की जघन्य हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूजा विधानी ने प्रदेश सरकार के कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही एक दर्दनाक घटना बस्तर के केशकाल से सामने आई, वहॉ दुष्कर्म की शिकार नाबालिक आदिवासी बच्ची न केवल 7-7 दोषियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई बल्कि कहीं से उसे न्याय नही मिलने पर उसने आत्महत्या भी कर ली फिर भी इस मामले को दबाने की भरसक कोशिश की गई, अंत में न्याय नही मिल पाने के कारण बच्ची के पिता ने भी आत्महत्या की कोशिश की।
अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सूर्या ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध व बठेना में हुए हृदय विदारक घटना के प्रति आक्रोश जताते हुए कहा की सरकार के संरक्षण के बिना अपराध काबू से बाहर हो जाना संभव नहीं है, और प्रदेश में घट रहे अपराधों के संदर्भ में सरकार का असंवेदनशील रवैया चकित कर देने वाला है।
धरने को भाजपा जिला मंत्री सुधा गुप्ता, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार कौशिक, सैय्यद मकबूल अली, जयश्री चौकसे, महेश चंद्रिकापुरे, भूपचंद शुक्ला, सुनीता मानिकपुरी, चिंत्रकांत लहरे ने भी संबोधित किया।
धरने का संचालन भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम कौशिक ने किया। इस मौके पर राजा पाण्डेय, किशोर राय, तिलक साहू, जीवन पाण्डेय, अवधेश अग्रवाल, रामू साहू, निखिल केशरवानी, दुर्गा कश्यप, पवन पैकरा, यास्मीन खान, प्रवीण दुबे, मनीष अग्रवाल, सुरेन्द्र सिंह, मनोहर राज, शैलेन्द्र यादव, गायत्री साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।