बिलासपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में पहले से ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा है कि भाजपा के नेता एक तरफ 4सौ ज्यादा सीटें जीतने का दावा करते फिर रहे है तो दूसरी तरफ कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओ को भाजपा में शामिल होने या कांग्रेस के खिलाफ षणयंत्र करने की धमकी देते हुए दबाव डालते है ।इससे पता चलता है कि भाजपा के नेता डरे हुए है और किसी भी कीमत पर चुनाव जीतना चाहते है।
उन्होंने शुक्रवार को बिलासपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एन चुनाव के वक्त गिरफ्तार किए जाने को अलोकतांत्रिक बताया और कहा कि मोदी और भाजपा 4 सौ पार का नारा देकर अपनी ही छाती पीट रहे हैं। देश की जनता यह सब देख रही है और समझ भी रही है । चार सौ पार का नारा इंडिया शाइनिंग नारे की तरह बुरी तरह असफल साबित होगा। करप्शन के नाम पर विपक्ष को ईडी भेजकर डराया धमकाया जा रहा है। अपराध दर्ज किए जा रहे हैं। जनता तानाशाही को देख भी रही है और समझ भी रही है। हम जुमलाबाजी नहीं करेंगे लेकिन लोकसभा का परिणाम भाजपा के लिए चौकाने वाला साबित होगा।
उन्होने कहा दिल्ली सी एम की गिरफ्तारी से इंडिया गठबंधन और भी मजबूत होगा ।वोट प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो विपक्षी गठबंधन का वोट प्रतिशत भाजपा से ज्यादा है ।उन्होंने कहा इंडिया गठबंधन से लोकतंत्र को मजबूती मिली है। हमने देशहित में गठबंधन बनाया है। हां दो एक पार्टियां हमारे साथ नहीं है। लेकिन हमें पता है कि देश की दो तिहाई जनता ने गैर भाजपा दलों को वोट किया है। मतलब दो तिहाई जनता ने मोदी और भाजपा को नकारा है। लोकतंत्र को बचाने के लिए ही हमने इंडिया गठबंधन बनाया है। श्री पायलट ने कहा कि हम मैजिकल आंकड़ा हासिल करेंगे। जनता भी तैयार है। भाजपा तोड़फोड़ और दबाव की राजनीति में विश्वास रखती है। मोदी के चार सौ पार का भी हश्र अटल बिहारी वाजपेयी के इंडिया शाइनिंग जैसा ही होगा। पायलट ने कहा कि भाजपा अपने दस साल का हिसाब दे नहीं रही है। एमएसपी और किसानों के मुद्दों का जवाब नहीं दे रही है। विपक्ष को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा ।भाजपा को यदि कोई चुनौती दे सकता है तो उस पार्टी का नाम कांग्रेस है। इसलिए कांग्रेस नेताओं को केन्द्र की भाजपा सरकार बार बार निशाना बना रही है। बावजूद इसके हम छत्तीसगढ़ में चौकाने वाला परिणाम देंगे। चुनाव में कांग्रेस पार्टी मजबूत उम्मीदवार उतारेगी। कुछ औपचारिकताएं रह गयी है। पूरी होने पर प्रत्याशियों के नाम का एलान शीघ्र कर दिया जाएगा।
श्री पायलट ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस बयान पर कि कांग्रेस में स्लीपर सेल भी काम कर रहा है और राजनांदगांव की जनता प्रत्य़ाशी बदलने की मांग कर रही है तथा जयसिंह अग्रवाल पर भाजपा में लाने का दबाव बनाया जा रहा है, कहा कि तोड़फोड़ भाजपा की फितरत है लेकिन उन्हें कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। भूपेश बघेल रिकार्ड तोड़ मतों से जीतेंगे। टिकट खरीदने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरोप लगाना सामान्य बात है।
पायलट ने कहा कि मोदी जी सत्ता में बने रहने के लिए सारी सीमाएं पार कर रहे हैं। ईडी का छापा मरवा रहे हैं। मुख्यमंत्रियों को जेल भेज रहे हैं। ईडी ने अब तक की कार्रवाई में 95 प्रतिशत विपक्ष के नेताओं पर छापा मारा है। कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा है। आईटी ने कांग्रेस पार्टी के 11खातों को फ्रीज कर दिया है जबकि लोकसभा चुनाव सर पर है इस प्रकार की तानाशाही लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। लेकिन जनता देख रही है और .उसने मन बदल लिया है। हमारी जीत निश्चित है।उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में जनता का मन बदलने लगा है जो भाजपा के खिलाफ होगा ।
इलेक्टोरल बांड के सवाल प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए इलेक्टोरल बांड को असंवैधानिक घोषित किया है। कोर्ट ने बांड के आड़ में भ्रष्टाचार चलाने वाली केन्द्र सरकार की मुहीम को बन्द किया है। अब सच्चाई सामने आ रही है। जांच का विषय है कि जो कंपनियां घाटे में चल रही थी..उन्होने करोड़ों,खरबों का चंदा कहां से दिया। केन्द्र सरकार ने पदों का दुरूपयोग कर इलेक्टोरल बाण्ड के माध्यम से चन्दा वसूला है। बाण्ड में कही भीं अडानी अंबानी का नाम नहीं आया। पायलट ने संक्षित बयान में कहा कि अभी परतें और खुलेंगी।